कुल पेज दृश्य

बुधवार, 25 जुलाई 2012


मुनव्वर मां के आगे यूँ कहीं बेजार न होना
जहाँ पर नीव हो , इतनी नमी अच्छी नहीं होती .
                                            मुन्नवर राना
  सावन के इस भीगते मौसम में  माँ की यादें फिर आंखे गीली कर  गयीं. हमें याद आता जब हम खेतों पर जाते थे , और काम की देख भाल में घर आने में देर होने लगती थी , माँ का बार बार फ़ोन कर के जल्दी आने का कहना ,रह रह कर याद आता है . माँ क्या चली गयी ये घर अकेला हो गया
              माँ की ममता भरी छांव से वंचित होना वट वृक्छ की छाया से वंचित होना है. सहना ही शेष रह जाता है

सोमवार, 23 जुलाई 2012


जब आप तनहाई में होते हैं तो विचारों /चिंतन का अविरल
प्रवाह बहुत कुछ कहने लगता है ......यदि आपको ठहर कर
सुनने की फुर्सत हो तो बहुत कुछ उद्भासित होने लगता है ....
ऐसे ही कुछ ठहरे पलों में मेरे मन में  उगे विचारों की बानगी इन
पंक्तियों में व्यक्त है .........
चेतना
चिरंतन सत्य का वचन ,
कथा की बांसुरी ,
वाचक की वाणी ,
व्यथा की अभिव्यक्ति है .
क्या
जीवन के अप्रतिम आकर्षण में
आप
स्वयं को तो नहीं भुला रहे हैं,
क्या
धूप की चादर में
रोशनी टांकती किरणों में
आप
अंधकार का आलेख तो नहीं लिख  रहे हैं
हो सकता है
आप खुद में
कुछ नया तलाशने के प्रयास में
जो सहज सरल साध्य था
उसे भी
जटिल, दुरूह करदेने में ही
अपना
पांडित्य , पुरषार्थ, उत्कर्ष एवं उपलब्धि
मानते हों

गुरुवार, 19 जुलाई 2012


एक दिन काशी  में गंगा तट की ओर जा रहे शंकराचार्य ने एक चंडाल को देख कर ज्यों ही "गच्छ दूरम "(दूर रहो ) कहा तो उस चंडाल ने कहा "महात्मन दूर हटो से आपका अभिप्राएय क्या है ,देह(शरीर)  से या देहि (आत्मा ) से . यह शरीर अन्न से परिपुष्ट होने के कारण अन्नमय कहलाता है , तो क्या एक अन्नमय दूसरे अन्नमय से भिन्न है.
चंडाल पूछता है "क्या आप जैसे ब्रह्मज्ञ और अद्वेत्वादी के लिए ब्रह्मण और चंडाल का भेद उचित है.गंगाजल और मदिरा में सूर्य के प्रतिबिम्ब भले ही भिन्न हों पर दोनों में बिम्ब्भूत सूर्य तो एक ही है .
 चंडाल के शब्दों ने आचर्य शंकर को झकझोर डाला, वह बोल उठे "हे शम्भो देह द्रिस्ट से आप का दास हूँ और जीव द्रिस्ट से आपका अंश . मैं आपसे किसी प्रकार भिन्न नहीं हूँ .
     " हर हर महादेओ" "ॐ नमह शिवाय "
             सद गुरुदेओ भगवन की जय    

सोमवार, 16 जुलाई 2012


जीवन एक अविराम संकीर्तन है . जीवन ठहरने का नाम नहीं, यह एक सतत यात्रा है . यह सफ़र खुद में   खुद को तलाशने की कोशिश है. इस यात्रा की भाव भूमि पर मेरा एक
गीत  
         तुम दीपों की चिर आभा हो ,
                                करुणा के पहले आमंत्रण
   मैंने जीवन में अनुभव का ,
   शैशव ही देखा था प्रियतम ,
    भावों की अनकही कथा में
     नीर नयन का मन का दर्पण
               तुम वाणी के सजल कथन हो
                            अर्पण के अनमोल निवेदन
       अंगराग सा नेह  तुम्हरा
       खंडित  प्रतिमा  में भिन  जाता
        नेहों की पुलकावली में आ
        कौन चितेरा रंग भर जाता
                 तुम शब्दों के मौन शिखर हो ,
                             भावों के अनकहे निमंत्रण
         सत्य तुम्हरा सत्य रहेगा
          जीवन के अनुभव कक्छों में
           करुणा भी अनुराग बनेगी
           बस पीड़ा    के मृदु वक्छों  में
                       तुम वेदों की प्रथम ऋचा हो ,
                               ऋषियों के पहले अभिमन्त्रण    

रविवार, 15 जुलाई 2012

आप का ब्लॉग अनकहे पल देखा कई लेख पढ़ा भी .आप की   शैली, शब्द चयन , प्रस्तुतीकरण, लेखन और अपनी बात को कहने का अंदाज अद्भुत है. वह चाहें माँ  की स्मृति को बयां करता आलेख हो या अदम जी का संस्मरण हो या कॉलेज के दिनों की यादें हो या एक ढाबे में  सिल बट्टे पर वास्तु शिल्प का मिलना . सब कुछ आप की लेखनी  से जीवंत हो उठा है . मेरा अनुरोध है की आप बराबर अपने विचारों , यादों एवं संस्मरणों का लिखना जारी रखें,  मेरी बधाई स्वीकर करें    

शनिवार, 14 जुलाई 2012


तुमने तो छतरियों के सहारे कही गजल
हमने गजल कही है मगर भीगते हुए
                                        उर्मिलेश
हमसे पूछो मिजाज़ बारिश का
हम तो कच्चे मकान वाले हैं
                            अशफाक अंजुम  

तिवारी जी का ब्लॉग नेपथ्य से देखा. उनका मिशन वक्तव्य भी पढ़ा . उनके लिए एक शेर ;
   जिस्म और रूह का कितना अजीब रिश्ता है
    उम्र भर साथ रहे पर तार्रुफ़  न हुआ

शुक्रवार, 13 जुलाई 2012


मन उदित हुआ भोर सा
प्रार्थना सगोत्र हो गई
         प्रस्फुटित व्यथा की कथा
          आज फिर पुर जोर हो गई
               कह क्या  दिया आपने
                 ज़िदगी फकीर हो गई  

                    क्या मैं तुमको भूल सकूँगा
 आँखों में  तेरा सपना है
   अधरों पर तेरा स्पंदन
                    तन मन में तेरी लय  गुंजित
                     क्या दूजा सुर  सीख सकूँगा
                         क्या मैं तुमको भूल सकूँगा
     पास रहो तो नयन नयन तुम
      दूर रहो तो करुणा करुणा
                    ऐसे भावुक संबंधों से
                    क्या मैं नाता तोड़ सकूँगा
                क्या मैं तुमको भूल सकूँगा
 
           

बुधवार, 11 जुलाई 2012


.तुम  चिरंतन सत्य प्रियतम ,
                              मैं निरंतर साधना हूँ .
वेदना की तप्त सिकता,
में बहे  जलधार  बन कर,
भाव के सूने निलय में
आ बसे तुम कौन मधुकर

तुम प्रलय की दीप ज्वाला
                           मैं सृजन की  कामना   हूँ ,
निशा का निस्पंद अंतर
है विकल  किसकी व्यथा में
ओस बन बन  ढल रही
यह वेदना किसकी कथा में,

तुम  व्यथा की मूक गरिमा
                            मैं मुखर कवि भावना हूँ .

मंगलवार, 10 जुलाई 2012


उसी क्रम में बात आगे बढाता हूँ  :
मेघ कुमार सम्राट श्रेणिक का पुत्र था . वह भगवान महावीर के पास दीक्षित     हुआ  दीक्षा  के बाद उसने पूछा, भन्ते ! अब मैं क्या करूँ.
भगवान ने कहा जो आवश्यक  है वह सुब कुछ करो , चलो ,बैठो, सोओ,खडे रहो, खाओ और बोलो .
मेघ कुमार बोला भंते ! दीक्षित  होने से पहले भी मैं ऐसा ही करता था . दीक्षा   की चर्या में क्या अलग होगा .
भगवान ने कहा - अंतर इतना होगा की चलना हो तो जागरूकता के साथ चलो , खाना हो तो जागरूकता के साथ खाओ , बोलना हो तो जागरूकता के साथ बोलो .
दीक्षा  का अर्थ है - जागरूकता.

सोमवार, 9 जुलाई 2012

कुछ भूल गए कुछ याद रहा








जीवन  की यात्रा में  बहुत कुछ पढ़ा , सुना  , देखा, और महसूस भी किया . इस तरह यात्रा जारी  रही . कुछ संवाद, वक्तव्य ऐसे होते हैं जो आप की यात्रा के पाथेय हो जाते हैं .कुछ ऐसी ही यादों  से आप को सहभागी बनाऊं
  एको अहम्  बहु स्याम
   बहुर अहम् एको स्याम
 उपनिषद के परमात्मा को अकेला रहना अच्छा नहीं लगा उसने संकल्प किया मैं बहुत हो जाऊं
स्रावान्धरा के परमात्मा को बहुत रहना अच्छा नहीं लगा उसने संकल्प किया मैं एक हो जाऊं
इन दोनों रूपकों के अपने अपनर अर्थ हैं
हमारी चेतना जब अन्दर से बाहर की ओर फैलती है तब संसार घटित होता है
जब हमारी चेतना बाहर से अंदर की ओर सिमटती है तब मोक्ष  घटित होता है
संसार में आदमी अनेक होता है पर मोक्ष  में एक होता है                                      
                      क्रमशः

"सब अंधेरों  से कोई वादा किये बैठे हैं,
कौन ऐसे में मुझे शमा जलाने देगा"
                                       वासिम बरेलवी    

कुछ शेर के माध्यम से आप से रूबरू हूँ . इनको पढ़ें , गुने, और तलाशें कहीं आप के एहसास को तो नहीं बयां कर रहे हैं
"लहू लुहान नज़रों की बात आयी तो ,
शरीफ लोग उठे और दूर जा के बैठ गए "
                                            दुष्यंत कुमार    

सोमवार, 2 जुलाई 2012

मेरा नमन


हादसों की गर्द से खुद को बचाने के लिए ,
माँ हम अपने साथ बस तेरी दुआ ले जायेंगे
{ मुनव्वर राना  }